पश्चिम बंगाल के रास्ते विदेश भेजे जाते थे कछुए
ए अहमद सौदागर लखनऊ। यूपी एसटीएफ ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कानपुर से अंतरराज्यीय कछुआ तस्करी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपित के कब्जे से 171 भारतीय रूफ्ड टर्टल कछुआ बरामद किया।
एसटीएफ एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि लंबे समय से प्रतिबंधित प्रजाति के कछुओं की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं। जांच में सामने आया कि तस्कर पश्चिम बंगाल के कारोबारियों के संपर्क में थे। वहां से कछुओं को बांग्लादेश और म्यांमार के रास्ते चीन, हांगकांग और मलेशिया जैसे देशों तक पहुंचाया जाता था।
सूचना मिलने पर एसटीएफ कानपुर की फील्ड इकाई टीम ने कानपुर वन विभाग की टीम के साथ संयुक्त रुप से कानपुर के हरबंश मोहल्ला रेलवे क्रासिंग के पास से जाहिद अली पुत्र मो. अली निवासी ग्राम भटपुरा कमालगंज फतेहगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फतेहगढ़ और आसपास के तालाबों व नदियों से स्थानीय तस्करों के माध्यम से कछुए इकट्ठा करता था और उन्हें बिहार तथा पश्चिम बंगाल में सप्लाई करता था।
एसटीएफ ने बताया कि इन कछुओं का अवैध कारोबार मांस, पालतू व्यापार और अन्य उद्देश्यों के लिए किया जाता है। टीम ने आरोपित के कब्जे से 171 भारतीय रूफ्ड टर्टल कछुआ बरामद किया।




