कस्बे में पैदल गस्त कर थाना प्रभारी ने सुरक्षा का दिलाया भरोसा, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील
औरास, उन्नाव। (संवाददाता) शासन के निर्देशों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव, जयप्रकाश सिंह के कुशल मार्गदर्शन में क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए औरास पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। शुक्रवार शाम औरास थाना प्रभारी संजीव कुमार कुशवाहा ने भारी पुलिस बल के साथ कस्बे के मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गस्त की।
पैदल गस्त के दौरान थाना प्रभारी ने आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी गहनता से तलाशी ली। इस दौरान वाहन स्वामियों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। पुलिस की इस सक्रियता से असमाजिक तत्वों में हड़कंप देखने को मिला।
गस्त के दौरान थाना प्रभारी संजीव कुमार कुशवाहा ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि:यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत 112 नंबर या सीधे थाना प्रभारी को सूचित करें।किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को अवगत कराएं ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आम जनता के मन में विश्वास पैदा करना है। पैदल गस्त के दौरान उप-निरीक्षक सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।




