मलिहाबाद/रहीमाबाद (लखनऊ)। (संवाददाता) लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस ने अपनी मुस्तैदी तेज कर दी है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शनिवार को रहीमाबाद थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिगुनायक के कुशल नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया।
कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरा पुलिस का काफिला
यह फ्लैग मार्च रहीमाबाद चौराहे से शुरू होकर बाकी नगर बाजार, दौलतपुर रोड कस्बा और आस-पास के घनी आबादी वाले मोहल्लों से होकर गुजरा। थाना प्रभारी की अगुवाई में भारी पुलिस बल को सड़क पर देखकर स्थानीय निवासियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास जागा।
इस फ्लैग मार्च में उपनिरीक्षक उमेश यादव, करण सिंह, अनिरुद्ध मिश्रा, प्रदीप, रविंद्र सिंह। कांस्टेबल: सुरेश कुमार फौजी, अनिकेत सैनी, देशराज व भारी संख्या में पुलिस के जवान शामिल रहे।
दुकानदारों व जनता से संवाद, यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए अपील की कि बिना हेलमेट लगाए दुपहिया वाहन न चलाएं।शराब पीकर वाहन चलाने से बचें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी
मार्च के दौरान थाना प्रभारी ने सख्त लहजे में संदेश दिया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह फैलाने वाले या शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस टीम को संदिग्ध गतिविधियों और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर पैनी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए।
“जनता से शांति और सहयोग की अपील”
थाना प्रभारी ने कस्बा वासियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी भ्रामक अफवाह पर ध्यान न दें और क्षेत्र में शांति व भाईचारा बनाए रखें। उन्होंने नागरिकों से कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना रहीमाबाद थाना पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस की इस सक्रियता को देखकर स्थानीय निवासियों ने भी इसकी सराहना की और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति अनजान व संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नज़र रखने की बात कही।




