August 8, 2026 2:13 am

क्षेत्रीय आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखकर कराए जा रहे विकास कार्य: केशव प्रसाद मौर्य

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि योजना प्रदेश के स्थानीय विकास को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस योजना के अंतर्गत क्षेत्रीय आवश्यकताओं और जनहित को प्राथमिकता देते हुए ऐसे विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिनका सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की अनुशंसा के आधार पर कराए जा रहे विकास कार्यों से गांवों और शहरों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। सड़क, पुल एवं पुलियों के निर्माण से आवागमन सुविधाजनक हो रहा है, वहीं पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में भी इस योजना के माध्यम से महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, पुस्तकालयों की स्थापना और आवश्यक सुविधाओं के विकास से विद्यार्थियों को बेहतर एवं अनुकूल शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

श्री मौर्य ने कहा कि विधान मंडल क्षेत्र विकास निधि योजना केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और समावेशी प्रगति का प्रभावी माध्यम है। क्षेत्र की प्राथमिकताओं और जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे कार्य विकास की धारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार हो और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

 

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!