मलिहाबाद,लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में आज किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि इनपुट्स उपलब्ध कराने और खाद के व्यापार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग, लखनऊ द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अपर जिला कृषि अधिकारी श्री हर्षित त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मलिहाबाद क्षेत्र में दर्जनों खाद विक्रेताओं की दुकानों पर छापेमारी की। इस अभियान के अंतर्गत खाद की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और बिक्री प्रक्रिया की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान मौर्य बीज भंडार में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। उक्त प्रतिष्ठान से स्पष्टीकरण मांगा गया है, और जांच प्रक्रिया जारी है।
इसके अतिरिक्त, लोधी खाद भंडार (रहीमाबाद), यादव खाद भंडार (रहीमाबाद), कुलदीप एग्रीकल्चर (रहीमाबाद) एवं मां लक्ष्मी कृषक सेवा केंद्र (मलिहाबाद) को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इन प्रतिष्ठानों से दो कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक विकास अधिकारी (कृषि) मानवेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग यह स्पष्ट करना चाहता है कि किसानों के हितों के साथ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। खाद की गुणवत्ता एवं वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।यह अभियान निरंतर क्षेत्र में चलता रहेगा।




