लखनऊ। (संवाददाता) खुन खुन जी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, चौक में छात्राओं/ प्रशिक्षार्थियों को कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित ब्यूटीशियन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप मे MSME के असिस्टेंट डायरेक्टर श्री अनुराग जी एवम विशिष्ट अतिथि अनुराग मिश्रा पार्षद द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
ब्यूटी एवं वेलनेस के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएँ हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और उद्यमशीलता की भावना भी विकसित करते हैं। प्राचार्य डॉ अंशु केडिया द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि महाविद्यालय का प्रयास रहता है कि छात्राओं को नियमित कक्षाओं के साथ डिग्री मिले एवम वे कॉलेज को छोड़ते समय कम से कम एक कुशलता भी साथ लेकर जाए।
आनंदी मां हस्तकला केंद्र की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस पाठ्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को सौंदर्य प्रसाधन, त्वचा एवं बालों की देखभाल, मेकअप तथा अन्य व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में कोर्स इंचार्ज डॉ. अपर्णा टंडन, डॉ. प्रीती सिंधी एवं डॉ. स्नेह लता शिवहरे ने प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाली सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी । कार्यक्रम का समापन डॉ. अंजू यादव ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।





