एक आरोपित गिरफ्तार, एक लाख पचास हजार रुपए बरामद
अन्य की तलाश में पुलिस जुटी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में जमीन देने और दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर लूटपाट करने का मामला थम नहीं रहा है। लखनऊ शहर में एक आशियाना बन जाए इस आस में गोरखपुर से जमीन लेने के लिए आए एक व्यक्ति को कथित जमीन कारोबारियों ने जमीन दिखाने के बहाने बुलाकर 14 लाख रुपए लेकर भाग निकले। खुद को लूटा महसूस होने पर पीड़ित ने इसकी सूचना गाजीपुर पुलिस को दी। पुलिस पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा मुकदमा दर्ज कर एक लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया, जबकि इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इंस्पेक्टर गाजीपुर के मुताबिक शनिवार को गोरखपुर जिले के महादेव झारखंडी कुंडा घाट निवासी विश्वजीत सिंह ने लिखित तहरीर देकर बताया कि 27 मार्च 2026 को जमीन खरीदने के लिए लखनऊ आए थे। जिन लोगों ने जमीन दिखाने के लिए काफी डूड नामक कैफे के पास बुलाया और उनके पास बैग रखी 14 लाख रुपए की नकदी लेकर फुर्र हो गए। इस मामले में पीड़ित ने सिद्दू, कार्तिक, रमेश वर्मा, आलोक व पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छानबीन शुरू की।
इंस्पेक्टर गाजीपुर ने बताया कि इस मामले की गहनता से छानबीन की जा रही थी कि पता चला कि इस गिरोह में शामिल आजमगढ़ जिले के आराजी बाग थाना नगर कोतवाली व हाल पता गोमतीनगर के विशाल खंड निवासी सृजन पांडेय को रविवार को इंस्पेक्टर गाजीपुर ने पूर्वी जोन की क्राइम टीम की मदद से पालीटेक्निक चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर के मुताबिक इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस को आरोपी के पास से एक लाख पचास हजार की नकदी बरामद हुई है।




