इनके पास तीन सोने की चेन व 620 रूपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में पुरुष लुटेरों व टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का सिर्फ आतंक नहीं बल्कि यहां महिलाएं भी टप्पेबाजी करने से पीछे नहीं हैं। ई-रिक्शा या फिर आटो रिक्शा में सफर करने वाली महिला यात्रियों से टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का राजफाश कर इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्र की टीम ने सोमवार को टप्पेबाजी करने वाली दो महिलाओं को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस को इनके पास से तीन सोने की चेन व 620 रूपए की नकदी बरामद हुई है।
राह चलते और ई-रिक्शा या फिर आटो रिक्शा में बैठकर महिला यात्रियों से टप्पेबाजी करने वाली आजमगढ़ जिले के धीना थाना क्षेत्र स्थित चिलबिल गांव निवासी 45 वर्षीय नीतू पत्नी दिनेश व मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर गांव निवासी 27 वर्षीय मुस्कान पत्नी रवि को इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्र की टीम ने पकड़ा है।
इंस्पेक्टर के मुताबिक पकड़ीं गईं आरोपित दोनों महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि वे अपनी साथी आंचल के साथ ई-रिक्शा में महिलाओं के पास बैठकर बातचीत कर अपनी बातों में फंसाकर उनका ध्यान भटकाती थीं और मौका मिलते ही उनके गले से मंगलसूत्र या फिर गले से चेन चोरी कर भाग निकलतीं थीं। इंस्पेक्टर का कहना है कि इस गिरोह में कितनी चोरनी महिलाएं और शामिल हैं इसके बारे में गहनता से जानकारी एकत्र की जा रही है।




