पास पड़ा था तमंचा, पुलिस ने कहा खुदकुशी
फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने की छानबीन, पुलिस कर रही कई बिंदुओं पर पड़ताल
ए अहमद सौदागर लखनऊ। गुडंबा क्षेत्र के आदिल नगर में सोमवार को एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर काजी अहमद जैद (40) की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। उनका खून से लथपथ शव मकान की छत पर पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। काजी के सिर में गोली लगी थी और पास में ही तमंचा पड़ा था। आसपास के लोग उनके साथ अनहोनी होने की आंशका जता रहे हैं। गुडंबा पुलिस परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार पर इसे आत्महत्या बता रही है। पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ गहनता से छानबीन की, लेकिन अभी तक खुदकुशी का कोई कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अफसरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मूल रूप से जनपद गोंडा निवासी 40 वर्षीय काजी अहमद जैद अलीगंज क्षेत्र स्थित एक्सिस बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और वह गुडंबा थाना क्षेत्र के कल्याण पुर आलोक दुबे मार्ग सत्यार्थी धाम के पास बसी कालोनी आदिल नगर में रहते थे। बताया जा रहा है कि रोज की तरह वह रविवार रात खाना खाने के बाद सो रहे थे। सोमवार सुबह देर तक आहट न मिलने पर घरवाले मकान की छत पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। देखा कि उनका खून से लथपथ शव पड़ा है और पास में ही तमंचा पड़ा था। मृतक के भाई काजी अजीज अहमद ने पुलिस को बताया उनके भाई काजी अहमद जैद ने सोमवार सुबह मकान की छत पर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ छानबीन की। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह के मुताबिक इस मामले में कई बिंदुओं पर गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन इसके बावजूद कई पहलुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है।




