पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद मौत कांड का खुला राज
झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए दी थी धमकी, बार-बार मांगती थी पैसे
ए अहमद सौदागर लखनऊ। गोमतीनगर थाने में तैनात 2019 बैच के सिपाही आकाश यादव मौत कांड मामले में गोमतीनगर पुलिस ने इसी थाने में तैनात महिला आरक्षी आकांक्षा भट्ट के खिलाफ आकाश को खुदकुशी के लिए उकसाने की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सनद रहे कि गोमतीनगर थाने में तैनात 2019 बैच के सिपाही आकाश यादव ने रविवार को बैरक की तीसरी मंजिल पर चादर के सहारे खुदकुशी कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी। इस मामले की छानबीन पुलिस अफसरों ने गहनता से की, लेकिन जान देने की वजह साफ नहीं हो सकी थी।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी कि मृतक सिपाही आकाश यादव के पिता बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र स्थित खेड़की गांव निवासी अनिल यादव ने जैसे ही गोमतीनगर थाने में तहरीर दी तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
पुलिस को दी गई तहरीर में पिता अनिल यादव का आरोप है कि उनका बहादुर बेटा आकाश कई बार घर आकर बताया कि गोमतीनगर थाने में तैनात महिला आरक्षी आकांक्षा भट्ट बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा है।
महिला आरक्षी अपने प्रेम जाल में फंसाकर शादी का दबाव बनाने लगी थी। आरोप है कि लालची महिला सिपाही को रूपयों का इस कदर लालच चढ़ा कि वह आकाश को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दे डाली। बेरह महिला आरक्षी ने इस कदर प्रताड़ित किया कि आकाश यादव मजबूर होकर आत्महत्या कर मौत को गले लगा लिया।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर ब्रजेश चन्द्र तिवारी के मुताबिक मृतक आकाश यादव के पिता अनिल यादव की मुकदमा दर्ज मामले की छानबीन की जा रही है।
तू मेरे किसी काम का नहीं है, तू कहीं भी जाकर मर जा
पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक आकाश यादव के पिता अनिल यादव ने कहा कि बार-बार समझाने के बाद भी उसने मेरे बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। आरोप है कि जब आकाश ने पैसे देने से मना किया तो बेरहम महिला आरक्षी आकांक्षा का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और कहा कि देखती हूं तू और तेरा परिवार कैसे बचाता है। अनिल यादव के मुताबिक इतना होने के बाद भी उनका लाडला यह बातें किसी से नहीं बताया था कि उसके ऊपर क्या गुजर रही है। लिहाजा एक महिला सिपाही के लिए एक घर का हमेशा के लिए चिराग बुझ गया।



