9200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। क्राइम टीम पूर्वी जोन और थाना गोमतीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 16 जुलाई को हुई चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चेन स्नेचर को गिरफ्तार किया है।
बीती सोलह जुलाई को राजकुमारी उम्र 59 वर्ष को दो युवकों ने पीछे से धक्का मारकर गिराया और गले से सोने की चेन झपट्टा मारकर भाग गए थे। इसको लेकर थाना गोमतीनगर पर मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी और मुखबिर की सूचना के आधार पर सहारा ओवरब्रिज गोमतीनगर से आरोपियों को दबोचा गया।पकड़े गये आरोपी आकाश कुमार उर्फ राजन शुक्ला पुत्र नौमी लाल, निवासी पिपरीमहार, बाराबंकी व
अमित कुमार अवस्थी पुत्र ज्ञान देव, निवासी कुवाया, शाहजहांपुर के पास से 9200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि लूटी गई चेन को मणप्पुरम फाइनेंस, विकासनगर में 23700 रुपये में गिरवी रखकर रकम तीनों में बांट ली गई थी। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा की बढ़ोत्तरी की गई। पुलिस नें स्कूटी सीज कर दी है।




