एसटीएफ ने बिजनौर से पकड़ा साइबर ठग, ब्राउजर एक्सटेंशन से देता था परीक्षा
ए अहमद सौदागर लखनऊ। एसटीएफ टीम ने यूपी, महाराष्ट्र, आन्ध्र प्रदेश और केरल के लोगों के फर्जी तरीके से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
यूपी एसटीएफ को काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि कई राज्यों के लोगों के फर्जी लर्निंग लाइसेंस बनाए जा रहे हैं।अपर पुलिस अधीक्षक अब्दुल कादिर के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक अजीत कुमार की टीम ने शाम 3:50 बजे बिजनौर के थाना नहटौर क्षेत्र के ग्राम फुलसंदा हीरा में छापा मारा।यहां से इब्राहिम अंसारी पुत्र जाहिद हुसैन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह घर पर लैपटॉप और इंटरनेट से लोगों का लर्निंग लाइसेंस बनाकर देता था। इसके एवज में वह यूपीआई से पैसे लेता था।
उसका तरीका बेहद शातिर था। लर्निंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन परीक्षा पास करना जरूरी होता है। इसके लिए वह “टेम्पर मंकी ” नामक ब्राउजर एक्सटेंशन में जावा स्क्रिप्ट कोड डाल देता था। यह कोड सारथी पोर्टल पर परीक्षा के समय वीडियो को बायपास कर देता था और ई-केवाईसी के लिए आधार की फोटो का इस्तेमाल कर लेता था। इस तरह वह खुद परीक्षा देकर आवेदक का लाइसेंस बनाकर व्हाट्सप्प और पीडीएफ पर भेज देता था।
पकड़े गये आरोपियों के पास से दो लैपटॉप व चार्जर और माउस तथा एक स्मार्टफोन और चार कूटरचित आधार कार्ड और चार एटीएम कार्ड और एक वाईफाई राउटर एडॉप्टर और तीन चेकबुक बरामद किया। आरोपी के विरुद्ध थाना नहटौर जनपद बिजनौर में मुकदमा दर्ज किया।आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस करेगी।




