पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को निकलवाकर डॉ राममनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया
मलबे में दबकर एक मोटरसाइकिल हुई क्षतिग्रस्त
कोतवाली से कुछ दूरी पर बुद्ध विहार कॉलोनी के पास हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। चिनहट कोतवाली से कुछ दूरी पर बुद्ध विहार कॉलोनी के पास स्थित आर एस ट्रेडर्स नाम से जूट बोरे की गोदाम की जर्जर दीवार के किनारे कुर्सी-मेज़ लगाकर सैलून का काम करने वाले 42 वर्षीय जुबैर के यहां सोमवार दोपहर 55 वर्षीय भगवान दीन गौतम बाल कटवा रहे थे कि अचानक गोदाम की दीवार भरभराकर ढह गई। दीवार गिरते ही दोनों लोग मलबे में दबकर बुरी तरह से जख्मी हो गए। जबकि वहीं खड़ी एक मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की खबर मिलते ही इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे दोनों लोगों को निकलवाकर महात्मा गांधी अस्पताल भिजवाया जहां से हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने डॉ राममनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस हादसे में वहां पर हड़कंप मच गया और देखते ही देखते तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। इंस्पेक्टर के मुताबिक घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
मूल रूप से बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र स्थित भिटौली गांव निवासी राम सागर यादव पिछले कुछ सालों से चिनहट के बुद्ध विहार कॉलोनी के पास मकान बनवाकर रहते हैं। राम सागर यादव मकान के पिछले हिस्से में परिवार के साथ रहते हैं जबकि अगले हिस्से में आर एस ट्रेडर्स के नाम से जूट (बोरे) की टीनशैड डालकर गोदाम बना रखा है।
बताया जा रहा है कि गोदाम की दीवार के किनारे खाली जगह इंदिरा नगर क्षेत्र स्थित तकरोही निवासी करीब 42 वर्षीय जुबैर अहमद पुत्र इब्राहिम द्वारा कुर्सी-मेज़ लगाकर बाल काटने का काम करते हैं। रोज की तरह जुबैर अहमद कुर्सी-मेज़ लगा रखा था। इसी दौरान बुद्ध विहार कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय भगवान दीन पुत्र राम नारायण बाल कटवाने के लिए गए।
जुबैर भगवान दीन का बाल काट रहे कि दोपहर करीब साढ़े बारह बजे गोदाम की जर्जर दीवार अचानक ढह गई। दीवार गिरते ही जुबैर व भगवान दीन मलबे में दब गए।
सामने दीवार गिरते देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे दोनों लोगों को पहले स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां से हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने डॉ राममनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना के दौरान वहां पर आरो का काम करने वाले कमलाकांत की मोटरसाइकिल यूपी 54 ए बी 2010 मलबे में दब कर क्षतिग्रस्त हो गई। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





