अटैक के बाद झुलसे, अस्पताल में भर्ती
आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार
एल्डिको तिराहे के पास हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पुलिस अफसरों के तमाम कोशिशों के बावजूद राजधानी में तेजाब या फिर अन्य जलनशील पदार्थों से अटैक किए जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। चिनहट थाना क्षेत्र के एल्डिको तिराहे के पास सोलर पैनल को लेकर चल रही मीटिंग के दौरान एक अज्ञात नकाबपोश हमलावर ने सभी के ऊपर जलनशील पदार्थ फेंक दिया, जिससे मीटिंग कर रहे सभी लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा दल-बल के साथ जब-तक मौके पर पहुंचते कि इससे पहले घटना को अंजाम देने वाला मौके से भाग निकला। इंस्पेक्टर चिनहट के मुताबिक सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस रंजिश सहित कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है। मीटिंग के दौरान जलनशील पदार्थ से अटैक क्यों कि यह सवाल फिलहाल हर किसी को बेचैन कर रहा है। इंस्पेक्टर के मुताबिक हमलावर की तलाश में उनकी टीमें अलग-अलग दिशाओं में होमवर्क कर रही है।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे सूचना मिली कि चिनहट क्षेत्र के एल्डिको तिराहे के पास स्थित सोलर पैनल लगाने वाले कार्यालय में सोलर पैनल संबंधित अयोध्या जिले के कैंट थाना क्षेत्र स्थित गद्दोपुर निवासी व सुल्तानपुर जिले के सुरेठी थाना क्षेत्र स्थित जगदीशपुर गांव निवासी प्रियंका मिश्रा गुड़गांव से आए हुए जनपद महाराजगंज निवासी शुभम पांडेय व ऋषभ पांडेय मेथा सोलर पैनल दफ्तर में मीटिंग कर रहे थे कि इसी दौरान एक नकाबपोश युवक कार्यालय में दाखिल हुआ और मग्गे में भरा जलनशील पदार्थ सभी लोगों के ऊपर उड़ेल दिया। चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर पड़ते ही सभी लोगों को जलन होने लगी और आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हमलावर की तलाश में उनकी टीमें अलग-अलग दिशाओं में होमवर्क कर रही है। इस मामले में पुलिस पुरानी रंजिश सहित कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है।




