सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, घड़ी व घटना में इस्तेमाल आटो रिक्शा बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी के उत्तरी जोन में काफी दिनों से बंद घरों का ताला तोड़कर चोरी की वारदात करने वाले गिरोह का पुलिस ने रविवार को राजफाश किया। मड़ियांव पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ा है।
पुलिस ने इनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस को इनके पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन, घड़ी व घटना में इस्तेमाल आटो रिक्शा बरामद हुए हैं।
मड़ियांव पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि आटो रिक्शा में सवार होकर चोरों का एक गिरोह घूम रहा है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्र की टीम यादव चौराहे के पास पहुंची और घेरेबंदी कर आटो रिक्शा सहित पांच लोगों को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए पांचों आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम हरिओम नगर मड़ियांव निवासी हर्ष पांडेय उर्फ प्रिंस उर्फ दिव्यांशु पांडेय पुत्र सुनील पांडेय जो बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है, बहराइच जिले के नानपारा व हाल पता नारायणपुरी कृष्णानगर निवासी कृष्ण गुप्ता पुत्र दीपक गुप्ता जो दसवीं कक्षा का छात्र है, सीतापुर जिले के सिधौली व हाल पता रामलीला मैदान मड़ियांव निवासी सुमित श्रीवास्तव उर्फ नाटी पुत्र दिलीप श्रीवास्तव जो चाय की दुकान चलाता है, सीतापुर जिले के मछरेहटा व हाल पता रामलीला मैदान मड़ियांव निवासी अभिषेक तिवारी उर्फ विशाल तिवारी पुत्र अमरीश कुमार तिवारी जो डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है व बहराइच जिले के नानपारा व हाल सुगामऊ इंदिरा नगर निवासी राजा गुप्ता पुत्र राधेश्याम गुप्ता जो रैपिडो चालक है।
पुलिस का दावा है कि इसी गिरोह ने 16 जुलाई 2026 को हरिओम नगर मड़ियांव निवासी मीना सिंह पत्नी विक्रम सिंह, आठ मई 2026 को केशव नगर मड़ियांव निवासी तनवीर अहमद पुत्र जमील अहमद के यहां चोरी की थी। इंस्पेक्टर मड़ियांव के मुताबिक इस गिरोह में कितने लोग और शामिल हैं इसके बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।




