August 8, 2026 2:10 am

जनसरोकार, खेल प्रोत्साहन और सामाजिक सहभागिता को समर्पित रहा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का प्रयागराज प्रवास।

युवा खिलाड़ियों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह, शोकाकुल परिवारों से भेंट कर व्यक्त की संवेदनाएं

 

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद प्रयागराज प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठितजनों तथा आम नागरिकों से संवाद किया।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व पार्षद जगमोहन गुप्ता के भाई के निधन के उपरांत उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से भेंट की तथा अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

उप मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में युवा खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल जगत से जुड़े पदाधिकारियों से भेंट कर खेलों के विकास, खिलाड़ियों को उपलब्ध सुविधाओं एवं भविष्य की संभावनाओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘खेलो इंडिया’ अभियान ने देश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान की है। आज भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराकर प्रदेश को खेल के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता , भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल , श्रीमती निर्मला पासवान , प्रतिष्ठित बास्केटबॉल खिलाड़ी आर. एस. बेदी , प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी अभिन्न श्याम गुप्ता जी, अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी आशीष कुमार द्विवेदी सहित अन्य प्रतिष्ठितजन उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व अपर महाधिवक्ता नीरज त्रिपाठी के आवास पहुंचकर कैलाश मानसरोवर की पावन यात्रा पूर्ण करने वाले तीर्थ यात्रियों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर जैसी पवित्र यात्रा भारतीय आस्था, अध्यात्म और सनातन संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है।

उन्होंने प्रयागराज में विशेष जनसम्पर्क अभियान के अंतर्गत शंभूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक अभिषेक तिवारी के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों एवं स्थानीय नागरिकों से स्नेहपूर्ण भेंट की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय विषयों पर संवाद करते हुए आत्मीय संबंधों को और मजबूत किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसम्पर्क अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को जानना तथा विकास की यात्रा में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। जनभागीदारी से ही विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!