August 10, 2026 9:33 am

​जीपीओ पार्क में गूंजा अमर शहीदों का नमन: युवाओं से राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक राजनीति अपनाने का आह्वान

अगस्त क्रांति के महानायकों एवं अमर शहीदों को जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया ने दी श्रद्धांजलि

 

लखनऊ। अगस्त क्रांति के अवसर पर जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया (जे.पी.आई.) एवं राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच (N.Y.R.M.) के संयुक्त तत्वावधान में काकोरी स्तंभ, जीपीओ पार्क, हजरतगंज, लखनऊ में आजादी के आंदोलन के महानायकों एवं अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष मा० शशांक शेखर सिंह ‘पुष्कर’ ने की। उन्होंने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के महानायकों का त्याग, समर्पण और बलिदान आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके संघर्षों को याद करने का वास्तविक उद्देश्य देश और समाज के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना करने के लिए नई पीढ़ी को तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि आज युवाओं को नकारात्मक एवं दिशाहीन राजनीति से बचकर राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक राजनीति को अपनाने की आवश्यकता है। युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग समाज की समस्याओं के समाधान तथा देश के बेहतर भविष्य के निर्माण में करें।

मा० शशांक शेखर सिंह ‘पुष्कर’ ने कहा कि आज छात्र, नौजवान और बेरोजगार अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। दूसरी ओर हमारे अमर शहीदों और देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति देकर ऐसे भारत का सपना देखा था, जहां भय, भूख, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, जातिवाद, आर्थिक असमानता, भेदभाव, शोषण, उत्पीड़न और अन्याय के लिए कोई स्थान न हो।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के भटकाव और साजिश का शिकार न बनें तथा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा शक्ति के हाथों में है और युवाओं की जागरूकता, एकजुटता एवं सकारात्मक सोच ही बेहतर भारत की नींव रख सकती है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत केवल नारों से नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर, रोजगार, शिक्षा और सम्मानजनक जीवन के लिए निरंतर संघर्ष से बनेगा। नई पीढ़ी को इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।

कार्यक्रम में शशिकांत सिंह,कुनाल दीक्षित,शुभम श्रीवास्तव,अजमत उल्ला खान, एड0 सुरेंद्र यादव, राजेश त्रिपाठी,लियाकत अली, राज गौतम,विनय सोनकर आदि पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित एवं समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!