मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ थाना क्षेत्र में 1 सितंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा पारित आदेश के क्रम में शिक्षक आंदोलनरत हैं। कई शिक्षक संगठनों ने टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल की है इसके बावजूद शिक्षक आंदोलन कर रहे हैं ।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षक 15 अक्टूबर तक काली पट्टी बांधकर स्कूलों में शिक्षण करते हुए टीईटी अनिवार्यता का विरोध कर रहे हैं और प्रधानमंत्री भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडे ने स्पष्ट कह दिया है कि हम न्यायिक लड़ाई के साथ-साथ सड़क से संसद तक शिक्षक हित में संघर्ष करेंगे। उन्होंने बताया लखनऊ सीतापुर अयोध्या गोंडा रायबरेली गाजियाबाद आदि सभी जिलों में शिक्षक काली पट्टी बांध कर शिक्षण कार्य करते हुए प्रधानमंत्री भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता है तो जल्द ही हम दिल्ली कूच का कार्यक्रम जारी करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।




