सुरक्षा को लेकर मातहतों को दिए सख्त निर्देश, कहा लापरवाही बरतने वाले स्टेशन अफसरों पर होगी कार्रवाई
ए अहमद सौदागर लखनऊ। मोहर्रम पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। आगामी 26-27 को होने वाले मोहर्रम त्योहार सकुशल संपन्न हो इसके लिए डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा ने मंगलवार को जोन के सहायक पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी एवं स्टेशन अफसरों के साथ बैठक कर उन्हें दिशानिर्देश दिए।
उन्होंने इस दौरान अधीनस्थों को खासतौर पर नसीहत दी। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में दोनों समुदायों के धर्मगुरूओं तथा इलाके के गणमान्य लोगों के साथ पीस मीटिंग स्वाद स्थापित करने पर जोर दिया है। कहा कि जनता के जो लोग कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की मदद करते हैं उनका रिकॉर्ड बनाकर रखा जाए और उनसे बराबर संपर्क रहे।
डीसीपी पूर्वी डॉ दीक्षा शर्मा ने मंगलवार को अपने कार्यालय पर स्थित गोष्ठी भवन में करीब दो घंटे तक मातहतों को पुलिसिंग का पाठ पढ़ाया। मोहर्रम पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्त व अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी तथा स्टेशन अफसरों के साथ एक अहम बैठक की। उन्होंने अपराध की रोकथाम के लिए भी कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोन के सभी आलाधिकारियों की जवाबदेही तय की कि हर स्तर के पुलिस कर्मचारी और अधिकारी अपना आचरण और कार्य व्यवहार ठीक रखें तथा पीड़ित के प्रति संवेदनशीलता बरतें। वहीं आगामी होने वाले मोहर्रम पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मातहतों को हर समय चौकन्ना रहने के लिए निर्देश दिए।




