खेल-खेल व छीना-झपटी में चली जा रही है कोमल शरीर वालों की जान
कृष्णानगर क्षेत्र में हुई घटना ने पुराने जख्मों को किया ताजा
ए अहमद सौदागर लखनऊ। सात दिसंबर 2025- एटा जिले में विवाह में भात की रस्म के दौरान मेहमान और रिश्तेदार डीजे पर झूम रहे थे कि इसी दौरान हर्ष फायरिंग के लिए दो लोगों के बीच हुई खींचतान में बंदूक से चली गोली में 17 वर्षीय शाहरुख और 12 वर्षीय भतीजे सुहेल के सिर और पेट में गोली धंसने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
16 दिसंबर 2025- गाजीपुर जिले की रहने तीन वर्षीय मासूम बच्ची के खेलते समय माथे पर गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
घरवाले जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली तो डॉक्टरों ने राजधानी लखनऊ के लिए रेफर कर दिया था।
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में भर्ती कराया तो डॉक्टरों की मेहनत रंग लाई और मासूम बच्ची को बचा लिया गया।
इन मामलों की चर्चा खत्म भी नहीं हो सकी थी कि राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर क्षेत्र में दो मार्च 2026 की शाम जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए ट्रांसपोर्ट नगर निवासी 13 वर्षीय उनैज खान के सीने में गोली लगने से मौत हो गई।
कोमल शरीर, अपरिपक्व मस्तिष्क और तोतली जुबान यानी मासूम बच्चे।
झूठी शान में हर्ष फायरिंग करने वालों के लोगों की लापरवाही का नतीजा कि घरों का चिराग बुझ गया।
प्रशासन ने लोगों को शस्त्र लाइसेंस दिया खुद की सुरक्षा के लिए, लेकिन वह लोग शादी-ब्याह या फिर जन्मदिन पार्टी में झूठी शान का परिचय देते हुए इस कदर फायरिंग झोंकनी शुरू कर देते हैं कि इस दौरान कोई न कोई गोलियों का शिकार बन जाता है।
कृष्णानगर क्षेत्र निवासी 13 वर्षीय उनैज खान बड़े ही उत्साह के साथ अपने मित्रों के साथ जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था, लेकिन उसे क्या पता था कि यह जन्मदिन पार्टी उसके लिए घातक साबित होगी। यही हुआ झूठी शान में हुई फायरिंग में मासूम उनैज खान की जान चली गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही मानो घरवालों के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।




