लखनऊ। (संवाददाता) दुबग्गा उपकेंद्र पर कार्यरत संविदा कर्मचारी धीरज गौतम की दुर्घटना प्रकरण में कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने भारतीय किसान यूनियन (श्रमिक जनशक्ति) के बैनर तले मंगलवार को अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरना दुबग्गा मछली मंडी गेट के पास राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद सलमान व जिलाध्यक्ष (युवा) सैफ पठान के नेतृत्व में आरंभ हुआ।
प्रदेश प्रवक्ता अजय यादव ने बताया कि बीते 27 सितंबर 2025 की रात ड्यूटी के दौरान धीरज गौतम विद्युत लाइन जोड़ने का कार्य कर रहे थे, तभी विभागीय लापरवाही के चलते बिना पूर्व सूचना के लाइन चालू कर दी गई। करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और इलाज के दौरान दोनों हाथ काटने पड़े। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को प्रबंध निदेशक मध्यांचल को पत्र देकर सहायता की मांग की गई थी।
निदेशक (तकनीकी) हरीश बंसल ने इलाज का पूरा खर्च और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई सहायता नहीं मिली। इसी के विरोध में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए धरना शुरू किया गया है। धरना स्थल पर पहुंचे थाना दुबग्गा के अधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों से बातचीत भी की, परंतु अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। प्रदेश प्रवक्ता अजय यादव ने कहा कि जब तक विभाग की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर धीरज गौतम की मां फूलमती देवी सहित गुड्डी, सरजू देवी, रमेश चंद्र, नीलम देवी, मीना देवी, निर्मला देवी, राजन, दीपक, कमला देवी, रसूल मोहम्मद, रवि गौतम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।




