छन्दोईया गांव में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। दुबग्गा क्षेत्र स्थित छन्दोईया गांव निवासी फैयाज के बेटे नोमान के ऊपर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा करने वाले नामजद गद्दी गैंग के फरार चल रहे पांच नामजद हमलावरों को पुलिस ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है।
बताते चलें कि 25 फरवरी 2026 को दुबग्गा क्षेत्र स्थित छन्दोईया गांव निवासी फैयाज ने दुबग्गा कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि दुबग्गा क्षेत्र स्थित शंकर विहार हाजी कालोनी निवासी रेहान अहमद, गद्दी बगिया निवासी मोहम्मद यूसुफ, गद्दी बगिया निवासी नसरुद्दीन, गद्दी बगिया निवासी मुख्तार व उपरोक्त निवासी मोहम्मद सलमान ने मिलकर उनके बेटे नोमान को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर बीस हजार रुपए की नकदी व मोबाइल फोन लूट कर भाग निकले।
इस सूचना पर पहुंची पुलिस घायल नोमान को मेडिकल परीक्षण कराने के गद्दी गैंग के पांच हमलावरों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही थी। उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह के मुताबिक जानलेवा हमला करने वाले आरोपितों की तलाश में उनकी टीम जुटी थी कि गुरुवार को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि सभी नामजद आरोपी कहीं भागने की फिराक में हैं कि पुलिस मौके पर पहुंची और घेरेबंदी कर पांचों नामजद हमलावरों को धरदबोचा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


