August 8, 2026 2:19 am

देवीपाटन मंदिर में लगेगा फ्लोटिंग म्यूजिकल फाउंटेन-जयवीर सिंह

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध देवीपाटन मंदिर में अत्याधुनिक फ्लोटिंग म्यूजिकल फाउंटेन की स्थापना, संचालन और रखरखाव के लिए ’रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल’ (आरएफपी) जारी किया है। इस परियोजना के अंतर्गत एक अत्याधुनिक मल्टीमीडिया लेज़र शो, बीम प्रोजेक्शन और वॉटर स्क्रीन पर वीडियो प्रोजेक्शन की व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रोमांचक और आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है।

यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को दी। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग की एक नई पहल के तहत चयनित एजेंसी द्वारा ऑडियो-विजुअल सामग्री का निर्माण किया जाएगा। इस प्रक्रिया में प्रोडक्शन, सेटअप, प्रोग्रामिंग और सिंक्रोनाइजेशन जैसे तकनीकी पहलुओं को शामिल किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह संपूर्ण कार्य केवल पर्यटन विभाग द्वारा पूर्व अनुमोदित स्क्रिप्ट के आधार पर किया जाएगा। क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने के लिए एक विशेष मल्टीमीडिया प्रस्तुति तैयार की जा रही है, जिसमें लाइव-एक्शन फुटेज, एनीमेशन, कथानक, संगीत तथा डिजिटल चित्रण को सम्मिलित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना का प्रमुख पहलू गहन शोध होगा, ताकि प्रामाणिकता और सांस्कृतिक संवेदनशीलता सुनिश्चित की जा सके। इसके अंतर्गत क्षेत्रीय भ्रमण, इतिहासकारों और विद्वानों से परामर्श तथा एक संरचित कंटेंट डॉक्यूमेंट का निर्माण शामिल है, जिसमें इस क्षेत्र की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर को समाहित किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह पहल केवल तकनीक या पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कहानी कहने की एक अनोखी विधा है। हम नवाचार के माध्यम से विरासत को संरक्षित करने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं व पर्यटकों को देवीपाटन मंदिर की आध्यात्मिक और अविस्मरणीय यात्रा का अनुभव मिले।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि पंचवर्षीय संचालन ढांचा न केवल इस परियोजना की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करेगा, बल्कि अनुभव में निरंतर सुधार लाकर पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं भी प्रदान करेगा। विभाग का यह प्रयास देवीपाटन को उत्तर प्रदेश के प्रमुख सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करेगा।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!