August 8, 2026 2:22 am

धार्मिक स्थलों का विकास हमारी प्राथमिकता, श्रद्धालुओं के हित में लेंगे निर्णय-जयवीर सिंह

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी) लखनऊ। पवित्र नगरी अयोध्या में भगवान श्रीराम के विराजमान होने के बाद देश विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक दर्शनार्थ पधार रहे हैं। यहां लगातार श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। इसको दृष्टिगत रखते हुए अयोध्या के आसपास स्थित धार्मिक स्थलों पर बुनियादी सुविधायें विकसित की जा रही हैं। इसी क्रम में अयोध्या जनपद के लिए लगभग 02 करोड़ रूपये की दो पर्यटन विकास योजनायें स्वीकृत की गयी हैं। इस धनराशि में से 01 करोड़ 20 लाख रूपये अवस्थापना सुविधाओं के लिए जारी कर दिये गये हैं।

यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि अयोध्या के मसूदा विकासखंड के ग्राम अबानपुर सरोहा में ग्रामीण पर्यटन के अंतर्गत थीमेटिक गेट एवं पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके लिए एक करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं, जिसमें 60 लाख रुपए जारी किए जा चुके हैं। स्वीकृत राशि में यात्री शेड, कॉमन टॉयलेट, सैन्ड स्टोन फ्लोरिंग, स्टोन बेंच, गेट, साइनेज एवं सोलर लाइट का कार्य व पर्यटक सुविधाएं आदि विकसित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश के 75 जनपदों में स्थित पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के आसपास बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि भगवान राम की नगरी अयोध्या की पवित्र भूमि पर महंत रामदीन दास करीब 150 वर्ष पूर्व आए थे। उन्होंने यहीं तपस्या की थी। इसलिए यह कुटी तपोस्थली के नाम से प्रसिद्ध है। यह मंदिर धार्मिक एवं पौराणिक है। यहां वर्ष में कई मेलों का आयोजन होता है, जिसमें स्थानीय, क्षेत्रीय एवं ग्रामीण लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। दीपोत्सव, चैत राम नवमी, सावन झूला मेला एवं कार्तिक पूर्णिमा मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहता है। उन्होंने बताया कि पर्यटन सेक्टर में असीमित संभावनायें हैं। इसको देखते हुए राज्य सरकार ने जनपद के कम से कम एक अथवा अधिक पर्यटन स्थलों को पर्यटन मैप पर लाने का प्रयास कर रही है।

जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या के नगर पंचायत खिरौनी सुचिता गंज सोहावल के पर्यटन विकास के लिए भी लगभग एक करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। जिसमें लगभग 60 लाख जारी किए गए हैं। इस धनराशि में यात्री शेड, शौचालय, इण्टलाकिंग, ड्रिकिंग वाटर, पोस्ट स्टोन बेन्च, साइनेज, सोलर लाइट एवं सौन्दर्गीकरण का कार्य कराया जाएगा। ज्ञात हो, ज्वाला माता मंदिर एक प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल है। यहां हर साल भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं, मंदिर में विशेषकर नवरात्रि के दौरान भव्य आयोजन होते हैं।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!