मलिहाबाद,लखनऊ। (संवाददाता) परिवार के साथ शादी समारोह में गयी महिला के खेत से रातोरात उसी के गांव के मोहित उर्फ टिल्लन पुत्र परशुराम ने जे०सी०बी० से लगभग 70 ट्राली मिट्टी खुदवा कर जबरन बेंच दी है,पीड़ित महिला ने बीते 01 जनवरी को मलिहाबाद तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की थी। कार्यवाही न होने से आहत पीड़ित ने आज सोमवार को मंडलायुक्त कार्यालय में जाकर शिकायती पत्र देकर कारवाई की मांग की है।
मलिहाबाद क्षेत्र के ग्राम-वाजिदनगर निवासिनी संतोष कुमारी पत्नी नौमीलाल का आरोप है कि उसके पति की भूमि खसरा संख्या 77 स्थित ग्राम-वाजिदनगर, परगना व तहसील मलिहाबाद, की काबिज दखील है जिसमें 1 पीपल का पेड़ व छोटा सा मन्दिर बना हुआ है, जिस पर प्रार्थिनी व उसका परिवार कृषि कार्य करता चला आ रहा है।
पीड़िता का कहना है कि वह परिवार के साथ एक शादी समारोह में गयी हुई थी जब वह सुबह वापस आयी तो पता चला कि उपरोक्त खेत में विपक्षी मोहित उर्फ टिल्लन पुत्र परशुराम निवासी ग्राम उपरोक्त ने जे०सी०बी० से लगभग 70 ट्राली मिट्टी खुदवा कर जबरन बेंच दी है, जिससे प्रार्थिनी का खेत मौके पर लगभग 10 फिट गहरा हो गया है, प्रार्थिनी ने जब इसका विरोध विपक्षी से किया तब विपक्षी के भाई रोहित व उनके पिता पप्पू उर्फ परशुराम ने प्रार्थिनी व परिवार को गन्दी गन्दी गालियां देते हुए लड़ाई झगड़े पर आमादा हो गये।
जिसमें प्रार्थिनी ने एक प्रार्थना पत्र संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी मलिहाबाद को दिया लेकिन विपक्षी के विरूद्ध कोई कानूनी कार्यवाही नहीं हुई है। जिससे विपक्षीगण प्रार्थिनी व परिवार को एलानियां धमकी दे रहे हैं। कार्यवाही न होने से आज सोमवार को मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र देकर कारवाई करने की मांग की है।




