साथ में पढ़ने वाले छात्र ने दिया घटना को अंजाम, गिरफ्तार
दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में फैली सनसनी
नरपत खेड़ा मोहल्ले में हुई घटना का मामला
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र स्थित नरपत खेड़ा में बुधवार दोपहर 17 वर्षीय बीसीए की छात्रा स्मृति पांडेय को साथ में पढ़ने वाले 21 वर्षीय बीसीए के छात्र देवांश पाठक ने चाकू से गला काट कर हत्या कर दी। वारदात के पीछे रंजिश व एक तरफा प्यार अहम वजह बताई जा रही है। घटना को अंजाम देने के बाद कातिल खून से लथपथ पड़ी छात्रा के शव के पास बैठा रहा।
दिनदहाड़े हुई घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ छानबीन शुरू की। पुलिस घायल छात्रा को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस वारदात को अंजाम देने वाले कातिल को घटना में इस्तेमाल चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूरे घटनाक्रम पर एक नजर
अमेठी जिले के रहने वाले शैलेश पांडेय परिवार के साथ पारा थाना क्षेत्र स्थित नरपत खेड़ा मोहल्ले में रहते हैं। बताया जा रहा है शैलेश पांडेय परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अपने पैतृक गांव गए थे जबकि उनकी 17 वर्षीय बेटी स्मृति पांडेय व दूसरी बेटी घर पर थीं।
स्मृति पांडेय एक निजी स्कूल में बीसीए की छात्रा थी। रोज की तरह वह स्कूल से घर लौटी तो पीछे-पीछे उसके साथ में पढ़ने वाला तालकटोरा क्षेत्र स्थित बादशाह खेड़ा निवासी 21 वर्षीय बीसीए का छात्र देवांश पाठक भी आ धमका। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और बात इतनी बढ़ गई कि देवांश पाठक के सिर पर ऐसा जुनून सवार हुआ कि चाकू से गला रेत कर छात्रा को मौत की नींद सुला दिया। इस घटना की जानकारी पुलिस को उस समय हुई जब दूसरी लड़की स्कूल से घर लौटी। यह माजरा देख लड़की ने शैलेश पांडेय को बताने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंचे डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित ने बताया कि खून से लथपथ पड़ी छात्रा स्मृति पांडेय के शव के पास देवांश पाठक बैठा था। पुलिस आनन-फानन में उसे हिरासत में लेकर मामले की गहनता से छानबीन शुरू की। उन्होंने बताया कि देवांश पाठक और स्मृति पांडेय एक ही स्कूल में बीसीए के छात्र हैं। डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित का कहना है देवांश पाठक ने इस सनसनीखेज मामले को क्यों अंजाम दिया इसके बारे में गहन जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने घटना में चाकू सहित कातिल को गिरफ्तार कर लिया।
एक तरफा प्यार में तो नहीं की वारदात
बताया जा रहा है कि पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि नरपत खेड़ा मोहल्ले में सिरफिरे देवांश पाठक ने एकतरफा प्यार में स्मृति पांडेय पर चाकू से वारकर उसकी जान ले ली।
डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित का कहना है कि इससे इन्कार नहीं किया जा सकता लिहाजा इस मामले में कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि सिरफिरा देवांश पाठक पिछले कुछ दिनों से छात्रा को परेशान कर रहा था और पीछा करते हुए बुधवार को उसके घर जा धमका। डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित के मुताबिक की गहनता से पड़ताल की जा रही है।




