August 3, 2026 9:52 pm

पुराने लखनऊ में चेहल्लुम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम 

जुलूस के दौरान हर एक शख्स पर रहेगी कैमरे की पैनी नजर 

ऊंची इमारतों पर मुस्तैद रहेंगे पुलिस के जवान, चप्पे-चप्पे पर होगी वीडियोग्राफी 

दस कंपनी पीएसी, अर्धसैनिक बलों के अलावा भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है 

किसी ने खुराफात करने की कोशिश की तो होगी कड़ी कार्रवाई: संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। मंगलवार को पुराने लखनऊ में चेहल्लुम का जुलूस गमगीन माहौल के बीच निकाला जाएगा। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से निकले इसके लिए सुरक्षा के मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस ने कमर कस ली है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों पर पीएसी और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। जुलूस के दौरान वीडियो कैमरे की पैनी नजर हर एक शख्स पर होगी। इस दौरान शांति भंग का प्रयास करने वालों से निपटने के लिए राजधानी की पुलिस को सतर्क तो किया ही गया साथ ही अर्धसैनिक बल व पीएसी की दस कंपनी को तैनात किया गया है।

मंगलवार को पुराने लखनऊ में गमगीन माहौल में निकलने वाले चेहल्लुम के जुलूस पर सुरक्षा के अर्धसैनिक बलों, पीएसी जवानों के अलावा भारी मात्रा में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

मंगलवार को चेहल्लुम का जुलूस नाजिम शाह इमामबाड़ा विक्टोरिया स्ट्रीट से निकलकर मेफेयर तिराहा, नक्खास, टुड़िया गंज तिराहा, बिल्लौचपुरा तिराहा, बाजारखाला, कर्बला पुत्तन शाह, हैदरगंज तिराहा, बुलाकी अड्डा, एवरेडी तिराहा होते हुए तालकटोरा क्षेत्र स्थित कर्बला पहुंचकर समाप्त होगा।

सुरक्षा के मद्देनजर पुख्ता इंतजाम

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि चेहल्लुम के मौके पर निकलने वाले जुलूस के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुराने लखनऊ को पांच जोन व 18 सेक्टरों में बांटा गया है।

उन्होंने बताया कि जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक, सेक्टर प्रभारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं निरीक्षक अफसरों को तैनात किया गया है। जबकि सादे कपड़ों में एलआईयू की तैनाती की गई है। जुलूस के रास्तों पर बनी ऊंची इमारतों पर भी पुलिस के जवान मुस्तैद रहेंगे।

क्लस्टर मोबाइल तथा क्यूआरटी एवं पीआरवी बाइक, डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मियों को लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार का कहना है कि इसके अतिरिक्त दस कंपनी पीएसी व अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें रूट की जानकारी दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस के आलाधिकारी संवेदनशील अतिसंवेदनशील स्थानों पर लगातार फ्लैग मार्च कर रहे हैं।

जबकि जुलूस के दौरान सभी मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन के माध्यम से गहनता से निगरानी की जाएगी। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि इस दौरान किसी ने खुराफात करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान यातायात व्यवस्था में भी फेरबदल रहेगा।

62
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!