August 8, 2026 2:12 am

पुलिस कमिश्नरेट में भी अपराधी पर नहीं है खाकी का अंकुश 

हर दूसरे दिन तड़तड़ाईं गोलियां, बदमाश बेखौफ, पुलिस खामोश 

पिस्टल व अवैध असलहा लेकर घूम रहा हर अपराधी

गोसाईगंज, गोमतीनगर, मलिहाबाद और मड़ियांव में जमकर हुई गोलियों की बौछार 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। बीते 23 जून 2026 को गोसाईगंज क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी सचिन सोनी को गोली मारकर लाखों रुपए के जेवरात की लूट।

28 जून 2026 को गोमतीनगर के पत्रकार पुरम चौराहे पर हुई गोलीबारी, गोली लगने से होटल कर्मी अखिलेश कुमार घायल।

एक जुलाई 2026 को मलिहाबाद क्षेत्र स्थित गोपालपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई। इस गोलीबारी में दो महिलाओं को गोली लगी।

इन घटनाओं का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि एक जुलाई 2026 की रात प्रीति नगर में दो लोगों ने किसी बात को लेकर एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग झोंकी।

राजधानी में अवैध और लाइसेंसी असलहों से गोलियां तड़तड़ाईं। यहां गोलियों की तड़तड़ाहट मानों आम बात हो चली है, लेकिन जून -जुलाई में तो हदें पार हो गई है। बेखौफ बदमाश और दुस्साहसी लोग अवैध या लाइसेंसी असलहों से खुलेआम गोलियां बरसा रहे हैं और पुलिस है कि इन पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। बदमाशों के दुस्साहस का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पत्रकार पुरम चौराहे पर पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर बेखौफ हमलावरों ने जमकर गोलियों की बौछार कर दहशत पैदा की।

इससे पहले बेखौफ बदमाशों ने गोसाईगंज क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी सचिन सोनी को गोली मारकर जेवरों से भरा बैग लूट ले गए।

बेखौफ हमलावरों के आतंक पर गौर करें तो मलिहाबाद क्षेत्र स्थित गोपालपुर गांव में बुधवार को जमीन पर कब्जेदारी को लेकर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर क्षेत्र में खौफ का माहौल बनाने के लिए जमकर फायरिंग झोंकी। इन मामलों में पुलिस अफसर उलझे हुए थे कि बुधवार देर शाम मड़ियांव क्षेत्र स्थित प्रीति नगर में बदमाशों ने कौशल पाण्डेय नाम के शख्स पर गोलियां चलाईं, हालांकि वह बाल-बाल बच गए।

गौर करें तो पुलिस के आलाधिकारी भले ही अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए तमाम तरह के दावे ठोंक रहे हों, लेकिन कड़वा सच यह है कि ताबड़तोड़ हुईं इन घटनाओं ने मानों पुलिस चौकसी की पोल खोल कर रख दी है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!