August 8, 2026 2:14 am

बंथरा में अपनों के हाथों बहा खून: मामूली कहासुनी के बाद भाई को मार डाला

सोते समय सिर पर लोहे की राड से किया वार 

नशे का लती है आरोपी, पुलिस ने घटना में इस्तेमाल आला कत्ल के साथ किया गिरफ्तार 

खंडेदव गांव में हुई घटना का मामला, पुलिस छानबीन में जुटी 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बीते दिनों अपनों के हाथों हुए खून का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि अब बंथरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात नशेड़ी भाई सरवन गौतम ने मामूली कहासुनी के बाद सो रहे छोटे भाई 24 वर्षीय गोलू उर्फ आलोक गौतम के सिर पर लोहे की राड से वारकर उसे हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया। यह जघन्य अपराध करने के बाद आरोपी ने घर में मौजूद अन्य लोगों को भी मारने की धमकी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की छानबीन कर खूनी खेल खेलने वाले कलयुगी भाई को सरवन को घटना में इस्तेमाल आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 पूरे घटनाक्रम पर एक नजर

खून के रिश्तों को कलंकित करने वाली यह वारदात बंथरा थाना क्षेत्र स्थित खांड देव गांव की है। यहां की रहने वाली जसोदा देवी अपने तीन बेटों 24 वर्षीय गोलू उर्फ आलोक गौतम, सरवन गौतम के साथ रहतीं हैं। उनके पति पुत्ती लाल की कुछ साल पहले ही मौत हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात जसोदा देवी के बेटे गोलू उर्फ आलोक और सरवन के बीच कहासुनी हो गई। दोनों के बीच हुई लड़ाई को घरवालों ने समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद गोलू उर्फ आलोक कमरे में सो रहा था कि इसी दौरान खूनी सरवन के सिर इस कदर खून सवार हुआ कि वह लोहे की राड से ताबड़तोड़ वारकर भाई को मौत की नींद सुला दिया। बताया जा रहा है कि उसकी चीख-पुकार सुनकर घर में मौजूद अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो बौखलाए सरवन ने मारने के लिए उन्हें भी दौड़ा लिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी सरवन को घटना में इस्तेमाल आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है दोनों भाई शराब पीने के आदी हैं और आए दिन किसी न किसी बात को लेकर लड़ाई-झगड़ा करते थे। रोज की तरह रविवार देर रात भी दोनों भाईयों के बीच कहासुनी हुई और बौखलाए सरवन ने गोलू उर्फ आलोक गौतम के सिर पर लोहे की राड से वारकर मौत की नींद सुला दिया। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के मुताबिक जसोदा देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!