August 8, 2026 2:14 am

बसत पंचमी के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के साथ भंडारे का आयोजन

लखनऊ। (संवाददाता) माटी बाजार क्षेत्र में किसान पथ के नीचे देवा रोड पर श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की कृपा और स्थानीय लोगों के सहयोग से संपन्न हुआ। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिवार सहित पहुंचकर मां सरस्वती का प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।

आयोजन में क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही भंडारे की तैयारियां शुरू हो गई थीं। प्रसाद वितरण के दौरान सेवाभाव और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

भंडारे के आयोजक भगवती प्रसाद वर्मा ने बताया कि मां सरस्वती की असीम कृपा से यह आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार और सेवा का भाव ही समाज को आगे बढ़ाता है। ऐसे आयोजनों से न केवल धार्मिक आस्था मजबूत होती है, बल्कि सामाजिक एकता भी सुदृढ़ होती है। भविष्य में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वहीं आनंद वर्मा ने कहा कि भंडारे का उद्देश्य केवल प्रसाद वितरण नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ना है। उन्होंने कहा कि मां सरस्वती की कृपा से सभी को ज्ञान, विवेक और सद्बुद्धि प्राप्त हो, यही कामना है। आयोजन में क्षेत्रवासियों का सहयोग सराहनीय रहा, जिसके बिना यह कार्यक्रम सफल नहीं हो सकता था।

भंडारे में धनंजय वर्मा, भगवती प्रसाद वर्मा, आनंद वर्मा, प्रवीण वर्मा, रमाकांत वर्मा, बृजेंद्र वर्मा और विवेक कुमार वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और समाजहित में आगे भी ऐसे आयोजन करने का संकल्प लिया।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!