मलिहाबाद लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में भीषण ठंड और कोहरे को देखते हुए अवकाश अथवा समय परिवर्तन की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ , जिला अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में श्रीमान जिलाधिकारी महोदय लखनऊ से मिला।
जिला अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वर्तमान में जनपद लखनऊ के परिषदीय विद्यालय प्रातः 09 बजे से अपराह्न 03 बजे तक संचालित किए जा रहे है। विगत एक सप्ताह से लखनऊ में भीषण ठंड एवं कोहरे का प्रकोप जारी है।जिससे परिषदीय विद्यालय में अध्यनरत बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अतःश्रीमान जिला अधिकारी महोदय जनपद लखनऊ से परिषदीय विद्यालयों में अवकाश करने अथवा विद्यालयों के संचालन अवधि की समय सीमा में आवश्यक बदलाव करने की मांग की गई है।
जिला मीडिया प्रभारी हरिशंकर राठौर ने बताया कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के परिषदीय विद्यालयों में अधिकांश बच्चों के पास उच्च गुणवत्ता के गर्म कपड़े नहीं होते हैं, साथ ही साथ विद्यालयों में हीटर व अन्य ऐसी सुविधा नहीं है जिसकी मदद से बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य के दृष्टिगत कक्षाओं में शिक्षण कार्य सुलभता के साथ कराया जा सके और बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव न पड़े। मौसम विभाग ने भी चेतावनी जारी की है कि अगले दो-तीन दिनों में भीषण ठंड बारिश व वज्रपात होने की संभावना है । इस कारण आज जिलाधिकारी महोदय से विद्यालय में अवकाश अथवा विद्यालय समय परिवर्तन की मांग की गई है।
ज्ञापन में जिला अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरि कृष्ण गुप्ता , जिला मंत्री बृजेश कुमार मौर्य , संयुक्त मंत्री मोहम्मद रियाज, जिला कोषाध्यक्ष हरिशंकर राठौर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




