लखनऊ। (संवाददाता) मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने गुरुवार को हुसैनाबाद क्षेत्र में विकसित किए जा रहे हेरिटेज जोन के कामों का निरीक्षण किया। फ्रेगरेंस पार्क, म्यूजियम ब्लॉक, फूड कोर्ट, लजीज गली, गुलाब पार्क और नींबू पार्क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
घंटाघर के पास सामूहिक पार्किंग एरिया का निरीक्षण किया। बड़ा इमामबाड़ा से छोटा इमामबाड़ा तक का पैदल राहगीर, ई-रिक्शा और तांगे के लिए आरक्षित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त सबसे पहले फ्रेगरेंस पार्क पहुंचीं। उन्होंने पार्क में चल रहे कामों की समीक्षा की। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पार्क में एक कैफेटेरिया एवं इंटरप्रेटेशन सेंटर बनाया जा रहा है। इसमें इत्र बनाने की प्रक्रिया और फूलों की विभिन्न सुगंधों की जानकारी दी जाएगी। मंडलायुक्त ने साईनेज, लाइटिंग, मूर्तिकला एवं लैंडस्केपिंग के कामों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि पार्क जनता के लिए जल्द खोला जा सके।
मंडलायुक्त ने फूड कोर्ट में लखनऊ की पारंपरिक पाक शैली को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय शाकाहारी, मिष्ठान्न एवं प्रसिद्ध व्यंजनों को भी सम्मिलित करने का निर्देश दिया, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को लखनवी स्वाद मिले।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस क्षेत्र का समस्त स्ट्रक्चर हेरिटेज स्टाइल में होना चाहिए। नींबू पार्क में बंद पाए गए फव्वारों को तत्काल शुरू करने, आकर्षक फेसाड लाइटिंग, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, हेरिटेज कैफेटेरिया एवं बेहतर लैंडस्केपिंग कराने के निर्देश दिए।




