दीनदयाल नगर नगर तरन्नुम वाली गली के पास चार बदमाशों ने अंजाम दी वारदात
शराब की दुकान से कलेक्शन के रुपए बैग में रखकर बाइक जा रहे थे घर
ए अहमद सौदागर लखनऊ। ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दे रहे बेखौफ बदमाशों ने बुधवार रात मदयेगंज थाना क्षेत्र के दीनदयाल नगर तरन्नुम वाली गली के पास धारदार हथियार से वारकर कलेक्शन एजेंट हर्ष जायसवाल से नोटों से भरा बैग लूट लिया। वह शराब की दुकानों से रुपए कलेक्ट कर मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। इस बीच ओवरटेक कर चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर सहित कई पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस लुटेरों की तलाश में क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर नाकेबंदी की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। पुलिस पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
काकोरी थाना क्षेत्र स्थित सराय प्रेम राज निवासी हर्ष जायसवाल मदयेगंज के खदरा स्थित दीनदयाल नगर निवासी मनीष जायसवाल की शराब की दुकानों हर दिन रुपए कलेक्शन करते हैं। वह रोज की तरह बुधवार रात शराब की दुकानों बिक्री के रुपए लेकर मोटरसाइकिल से जा रहे थे कि जैसे ही वह दीनदयाल नगर तरन्नुम वाली गली पहुंचे। तभी धारदार हथियार से लैस चार बदमाशों ने ओवरटेक कर घेर लिया। बताया जा रहा है कि जबतक कलेक्शन एजेंट हर्ष जायसवाल कुछ समझ पाते कि बदमाशों ने नोटों से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे हर्ष जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हर्ष जायसवाल ने पुलिस को बताया कि वह शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन उनके कहर के आगे घुटने टेक कर रह गए।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। लूट होने की खबर मिलते ही पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाला शुरू किया। पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई है।




