August 8, 2026 2:11 am

मलिहाबाद का भवानी खेड़ा बेहाल: दावों की खुली पोल, सड़कों पर जलभराव से ग्रामीणों का जीना हुआ मुहाल

मुख्य सड़कों पर भरा पानी राहगीर परेशान

 

मलिहाबाद, लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना तहसील मलिहाबाद क्षेत्र की ग्राम भवानी खेड़ा में विकास के दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। गांव की मुख्य सड़कों पर जलभराव और कीचड़ से ग्रामीणों का जीवन नारकीय बन गया है। हालात ये हैं कि राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा “काम बोलता है” का दावा तो खूब किया जा रहा है, लेकिन धरातल पर स्थिति उलट है। गांव में पानी निकासी के लिए नाली की कोई व्यवस्था नहीं है। जरा सी बारिश में सड़कें तालाब बन जाती हैं। जगह-जगह गड्ढों और कीचड़ में फिसलकर बच्चे स्कूल जाने से वंचित रह जाते हैं।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और सचिव को अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा, “चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे, अब कोई सुनने वाला नहीं है। बरसात में हालात और बदतर हो जाते हैं। साइकिल- बाइक तो दूर, पैदल निकलना मुश्किल है।

गौरतलब है कि मलिहाबाद क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में भी इसी तरह जलभराव से त्रस्त ग्रामीणों को कीचड़ में उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा था। वहां भी जनप्रतिनिधियों ने सिर्फ आश्वासन दिया, समाधान नहीं हुआ।

इस संबंध में बीडीओ मलिहाबाद मनोज गुप्ता पूर्व में कह चुके हैं कि सचिव से गांव की समस्याओं की जानकारी कर निस्तारण कराया जाएगा। अब देखना है कि भवानी खेड़ा की जनता को कब तक राहत मिलती है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क व नाली निर्माण की मांग की है, ताकि नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।

भवानी खेड़ा की सड़कों पर बदबूदार गंदा पानीभरा होने के कारण नई-नई बीमारियां उत्पन्न होने की संभावना बनी है जिसके लिए, जनता त्रस्त ग्राम प्रधान एवं सचिन मस्त नजर आ रहे हैं इस समस्या का समाधान करने के लिए ग्रामीण द्वारा वीडियो बनाकर और मैसेज वायरल किया गया ताकि जिले के उच्च अधिकारियों एवं कर्मचारी के द्वारा समस्या क्या समाधान कराया जा सके

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!