July 29, 2026 3:29 am

मलिहाबाद: बारिश के कारण ढही कच्चे मकान की दीवार, मलबे में दबकर 11 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

रामू गौतम मलिहाबाद। राजधानी लखनऊ के विकासखंड मलिहाबाद अंतर्गत थाना रहीमाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत खड़ौहां में शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश के कारण एक कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आकर 11 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ग्राम पंचायत खड़ौहां निवासी सुनील का मकान अंबेडकर पार्क के पास स्थित है, जहां उनका एक पुराना कच्चा मकान भी बना हुआ है। शनिवार दोपहर बारिश के दौरान सुनील का 11 वर्षीय बेटा शिवा अपने मामा के लड़के कृष्णा के साथ मकान के पास गलियारे में खेल रहा था। इसी दौरान कच्चे मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर बच्चों के ऊपर गिर गई।

दीवार गिरते ही शिवा मलबे के नीचे दब गया, जबकि पास में खेल रहा उसका ममेरा भाई कृष्णा बाल-बाल बच गया। हादसे को देख वहां मौजूद एक बच्चे ने तुरंत गांव वालों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों और परिजनों ने भारी मशक्कत के बाद लगभग 30 मिनट की कड़ी कसमकश के बाद मलबे को हटाकर शिवा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिगुरुनायक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरा है। विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए लखनऊ भेज दिया गया है।

62
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!