August 8, 2026 2:10 am

​मलिहाबाद में ट्रेन की चपेट में आने से युवती की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव

मलिहाबाद लखनऊ। (संवाददाता) राजधानी लखनऊ के थाना मलिहाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ईसापुर क्रॉसिंग के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। रेलवे ट्रैक पर 23 वर्षीय युवती का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मलिहाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू, लखनऊ भेज दिया है।

स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मलिहाबाद स्टेशन मास्टर ने पुलिस को सूचना दी कि रेलवे किलोमीटर संख्या 1101/4 पर एक युवती का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

स्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को युवती का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। मृतका का सिर धड़ से अलग था और दाहिना पैर घुटने के नीचे से कटा हुआ था। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है।

ऐसे हुई मृतका की पहचान

शुरुआत में आसपास के ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन तत्काल सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस की छानबीन के बाद मृतका की पहचान सुधा उर्फ शिवकली (23) पुत्री कालू रावत, निवासी ग्राम गोस्वा (थाना रहीमाबाद, लखनऊ) के रूप में हुई।

परिजनों का बयान

घटना की जानकारी मिलने के बाद रोते-बिलखते पहुंचे मृतका के पिता कल्लू ने बताया कि:सुधा की मानसिक स्थिति काफी समय से ठीक नहीं रहती थी और वह कभी-कभार बिना बताए घर से निकल जाती थी। बुधवार शाम परिजन खेत पर गए हुए थे और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान वह टहलते हुए ईसापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंच गई। हरदोई की ओर सेरही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

पुलिस कार्रवाई: मलिहाबाद पुलिस ने पंचायतनामा भरकर अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से मृतका के परिवार (पिता, माता, दो भाई और एक बहन) का रो-रोकर बुरा हाल है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!