लखनऊ। (संवाददाता) ठाकुरगंज भूहर चौकी से तीन सौ मीटर दूर होरी लाल मंदिर के सामने युवक लूट की नियत से महिला के घर में घुस गया।महिला ने विरोध किया तो उस पर चाकू से हमलाकर चेहरा व हाथ पर कई वार किए। महिला लहुलूहान होकर फर्श पर गिर गई थी। आरोपी अकिंत प्रजापति उर्फ सोनू घर की अलमारी से जेवर और 12 हजार नगदी लेकर भाग निकला था।
महिला की चीख सुनकर मौके पर स्थानीय लोग पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को एरा अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के बाद आरोपित भाग निकला। इसके कुछ देर बाद महिला के घर के बाहर भीड़ देखकर वापस लौट आया। वहां मौजूद लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। युवक की दिमागी हालत ठीक नहीं लग रही है।
ठाकुरगंज श्रीकांत राय ने बताया शिवानी की पांच महीने पहले ही नरेश से शादी हुई थी। घर में शादी के गहने रखे हुए थे। महिला और आरोपी युवक की पहले बातचीत होती थी। महिला के पति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज किया गया था। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर लूटे हुए सोने, चांदी के जेवरात बरामद किया तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर युवक को जेल भेज दिया गया।





