माल, संवाददाता। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को क्षेत्र में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। बसपा नेता नरेंद्र कुमार गौतम के नेतृत्व में सैदापुर से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से क्षेत्र का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।
तिरंगा यात्रा सैदापुर से शुरू होकर क्षेत्र के कई गांवों से होकर गुजरी। यात्रा में शामिल लोगों ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाईं। जगह-जगह ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया और लोगों में देश के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना देखने को मिली। यात्रा के दौरान युवाओं में खासा उत्साह नजर आया।
बसपा नेता नरेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।
यात्रा सैदापुर से रवाना होकर विभिन्न गांवों और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः सैदापुर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा यात्रा के चलते पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था तिरंगा यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चौकी प्रभारी अभय बाजपेई पुलिस टीम के साथ यात्रा के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने यात्रा के मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली और जुलूस को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया। पुलिस की सतर्कता के चलते तिरंगा यात्रा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई।





