फेक प्रोफाइल बनाकर ठगी और ड्रग तस्करी का नेटवर्क, लखनऊ के युवक से 68 लाख की ठगी का भी खुलासा
ए अहमद सौदागर लखनऊ। साइबर ठगी और ड्रग तस्करी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गैंग पर उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है।एसटीएफ ने नाइजीरिया के नागरिक ओबासे प्रॉस्पर को दिल्ली से 5.085 किलो मेथाम्फेटामाइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद ड्रग की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
यूपी एसटीएफ के मुताबिक यह गैंग फेसबुक , इंस्टाग्राम और व्हाट्सप्प पर यूएसए /यूके के नागरिकों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर भारतीय युवक-युवतियों से दोस्ती करता था। फिर महंगे गिफ्ट और डॉलर/पाउंड भेजने का झांसा देता। इसके बाद एयरपोर्ट पर गिफ्ट पकड़े जाने की बात कहकर खुद को कस्टम अधिकारी/इनकम टैक्स अधिकारी बताता और कस्टम ड्यूटी व टैक्स जमा करने के नाम पर मोटी रकम ठग लेता। साथ ही यह गिरोह ड्रग्स की तस्करी भी कर रहा था।
यूपी एसटीएफ को काफी समय से इस गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल विक्रम सिंह के पर्यवेक्षण में साइबर टीम ने निगरानी शुरू की।जांच में पता चला कि डालीगंज लखनऊ के एक युवक को “डोरिस विलियम” नाम की फर्जी प्रोफाइल से फंसाकर 68 लाख रुपये ठगे गए थे। इस मामले में एसटीएफ ने 15 मई 2026 को एक अन्य नाइजीरियाई ऊंचेनवा को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। उस समय ओबासे प्रॉस्पर फरार था।
मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ की साइबर टीम ने एनसीबी दिल्ली जोनल यूनिट के साथ संयुक्त छापेमारी की। आर्के पुरम, सेक्टर-1, न्यू दिल्ली से ओबासे प्रॉस्पर को पकड़ा गया।
गिरफ्तार ओबसे परोसपर निवासी आईंएमओ स्टेट , निगेरिया . हाल पता – मकान नं. सी 2/10, तीसरा तल, राजू पार्क, थाना नेवराय दक्षिणी, दिल्ली का हैं। उसके पास से 5.085 किलोग्राम मेथाम्फेटामाइन जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 10 करोड़ से अधिक हैं। 05 मोबाइल फोन व 02 पासपोर्ट किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 2023 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। वीजा खत्म होने के बाद दिल्ली में रुककर साइबर ठगी और ड्रग तस्करी करने लगा। उसके कुछ साथी भी दिल्ली में रहकर इसी तरह ठगी कर रहे हैं।
एसटीएफ ने बताया कि इस गिरोह ने भारत के कई राज्यों में ठगी की है। आरोपी के बैंक खाते और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। ओबासे प्रॉस्पर के खिलाफ एनसीबी दिल्ली में मुकदमा दर्ज किया गया है।




