August 8, 2026 2:15 am

यूपी एसटीएफ: खुद को आर्मी अफसर बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार 

दो मोबाइल फोन, तीन आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, हाईस्कूल के अंक पत्र भारतीय सेना का फर्जी आई डी कार्ड बरामद 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। खुद को आर्मी अफसर बनकर भोले-भाले बेरोजगार लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनकी गाढ़ी कमाई ऐंठने वाले जालसाज को यूपी एसटीएफ टीम ने सोमवार की देर रात वाराणसी जिले के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित विभूति इनक्लेव कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपी के पास से एसटीएफ को दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, हाईस्कूल के अंक पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, हाईस्कूल के प्रमाण पत्र व भारतीय सेना की फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुए हैं।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि एक शख्स है जो खुद को आर्मी अफसर बनकर वाराणसी सहित यूपी के अलग-अलग जिलों में बेरोजगार लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनकी गाढ़ी कमाई ऐंठ रहा है। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर उसकी गर्दन तक पहुंचने के लिए एसटीएफ के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

एसटीएफ के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह सोमवार देर रात वाराणसी जिले के भेलूपुर थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे कि इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना मिली खुद को आर्मी अफसर बनकर लोगों से ठगी करने वाला इसी थाना क्षेत्र में मंडरा रहा है और फिर किसी बेरोजगार को बनाने की फिराक में है।

इस सूचना पर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेरेबंदी कर आरोपी को धरदबोचा।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के मुताबिक पकड़े गए आरोपी की पहचान चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित कैली गांव निवासी धर्मेन्द्र के रूप में हुई है। एसटीएफ के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और अबतक कई बेरोजगार लोगों को निशाना बनाकर उनकी गाढ़ी कमाई ऐंठने की बात स्वीकार किया है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!