दो सौ किलोग्राम अवैध गांजा, एक ट्रक, एक मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, डेविड कार्ड व 1650 रुपए की नकदी बरामद
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यूपी एसटीएफ ने मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा कर राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ को पकड़े गए तस्कर के पास से ट्रक में लदा दो सौ किलोग्राम अवैध गांजा, एक महिन्द्रा ट्रक, एक मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, डेविड कार्ड व 1650 रुपए की नकदी बरामद हुई है। एसटीएफ के मुताबिक बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 52 लाख रुपए बताई जा रही है।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के सर्विस लेन के पास से बिहार राज्य के नालंदा जिले के घोसरावा वार्ड नंबर छह निवासी अजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना हुई कि कुछ लोग ट्रक में अवैध गांजा लादकर सुल्तानपुर रोड से होते हुए लखनऊ आने वाले हैं। इस सूचना पर एसटीएफ के उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से तस्कर को ट्रक में लदा गांजा सहित धरदबोचा।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के मुताबिक पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि इनका एक संगठित गिरोह है जो उड़ीसा राज्य से अवैध मादक पदार्थ (गांजा) लाकर यूपी के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करते हैं। एक बार फिर तस्कर कहीं सप्लाई करने जा रहे थे कि एसटीएफ के उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह की टीम ने धरदबोचा। बरामद अवैध गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 52 लाख रुपए बताई जा रही है।




