August 8, 2026 2:12 am

रहीमाबाद: जमीन के विवाद में हुई गोलियों की बौछार, जमकर चले लाठी-डंडे 

दोनों पक्षों की ओर से हुए घायल, अस्पताल में भर्ती 

एक महिला को लगी गोली, मौके से 32 बोर असलहे का कारतूस खोखा बरामद 

अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में फैली सनसनी, पुलिस फोर्स मौके पर 

पुलिस को घटनास्थल से एक बलेनो कार व कारतूस खोखा मिला 

गोपालपुर गांव में हुई घटना का मामला, दोनों पक्ष थाने पर, फायरिंग झोंकने वाला फरार 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। रहीमाबाद थाना स्थित गोपालपुर गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच काफी दिनों से चल रही दुश्मनी ने बुधवार को खूनी रूप अख्तियार कर लिया। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष की तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोली लगने से एक महिला घायल हो गई, जबकि दोनों पक्ष के लोगो के भी सिर फट गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकार बताते हैं कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को मौके से एक बलेनो कार व एक 32 बोर असलहे का कारतूस खोखा बरामद हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पूरे घटनाक्रम पर एक नजर

रहीमाबाद थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुर गांव निवासी सरोज पुत्री घनश्याम यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका और लोधई खेड़ा गांव निवासी श्याम कली उर्फ सूधा पत्नी हरगोविंद से काफी दिनों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है जो न्यायालय में विचाराधीन है।

सरोज का आरोप है कि विवादित जमीन होने के बाद भी श्याम कली उर्फ सूधा उक्त जमीन को जानकीखेड़ा गांव निवासी अनिल पुत्र महादेव के हाथों बेच दिया।

आरोप है कि बुधवार को सरोज पुत्री घनश्याम यादव अपने पिता घनश्याम यादव, मां सावित्री यादव, दो भाईयों योगेश व हिमांशु तथा चाची कुसुमा खेत पर काम कर रहे थे कि दोपहर करीब दो बजे अनिल, हरगोविंद, बबलू सिंह निवासी महिमा खेड़ा के अलावा 15-20 लोग मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के अनिल ने फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी, जिससे गोली लगने से सावित्री गंभीर रूप से जख्मी हो गईं, जबकि दोनों पक्ष की तरफ से चले लाठी-डंडों से कई लोग घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक घायलों को मलिहाबाद स्थित सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हालांकि पुलिस किसी को गोली लगने की बात से इंकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि दो लोगों की हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया है। वहीं रहीमाबाद पुलिस का कहना है कि इस जांच-पड़ताल में सामने आया है कि अनिल कुमार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग किया है, जिसके बारे में गहनता से छानबीन की जा रही है। बताया जा रहा है कि अनिल कुमार अपने साथियों के साथ थार व बलेनो कार से विवादित जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पुलिस को मौके से एक बलेनो कार व एक कारतूस खोखा बरामद हुए हैं।

पुलिस का यह भी कहना है कि छानबीन के दौरान पता चला कि रामसिंह यादव व अनिल कुमार एवं कुलदीप कुमार रावत अपनी जमीन पर पहुंचे थे, जहां दूसरे पक्ष घनश्याम यादव, सावित्री एवं संतोष सहित अन्य लोग पहले से मौजूद थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद लाठी-डंडों एवं जमकर लात-घूंसे चले, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग जख्मी हुए। किसी तरह का कोई मामला न हो एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स मौके पर तैनात है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!