November 7, 2026 11:18 pm

रहीमाबाद में अनियंत्रित होकर साइनबोर्ड से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल

रहीमाबाद लखनऊ। (संवाददाता) लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर रसूलाबाद चौराहे के निकट रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सड़क किनारे लगे लोहे के साइनबोर्ड से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र स्थित सूरत खेड़ा निवासी शिवम (28) अपने छोटे भाई विवेक (15) के साथ मोटरसाइकिल (यूपी 30 सीएफ 0974) पर घरेलू सिलेंडर भरवाकर लखनऊ के बिठौली जा रहे थे। रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे जैसे ही वे रहीमाबाद के रसूलाबाद गांव के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगे लोहे के बोर्ड में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक शिवम उछलकर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पीछे बैठा विवेक भी बुरी तरह घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

ग्रामीणों का कहना है कि बाइक चालक शिवम अत्यधिक नशे में था, जिसके कारण बाइक से नियंत्रण खो गया और यह दुर्घटना घटी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है।

67
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!