August 8, 2026 2:11 am

रहीमाबाद: स्कूल के कार्यालय में घुसकर वैगनआर कार सवार ने प्रधानाचार्य को गोली मारी 

दिनदहाड़े हुई वारदात से फैली सनसनी 

पड़ोसी ने मारी गोलियां, घायल अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर 

घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार 

जुगराज गंज मजरा तरौना में हुई घटना का मामला 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के जुगराज गंज मजरा तरौना स्थित प्रभावती नर्सरी स्कूल कार्यालय में मौजूद 40 वर्षीय प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह गुरुवार दिनदहाड़े वैगनआर कार सवार पड़ोसी विजय पाल ने गोली मार दी। गोली पेट में लगी और वह फर्श पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर स्कूल में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में उन्हें अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस को मौके से 315 बोर का खोखा कारतूस मिले हैं। पुलिस पीड़ित प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पूरे घटनाक्रम पर एक नजर

रहीमाबाद क्षेत्र स्थित जुगराज गंज मजरा तरौना गांव निवासी 40 वर्षीय अनिल कुमार सिंह प्रभावती नर्सरी स्कूल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है रोज की तरह अनिल कुमार सिंह स्कूल कार्यालय में बैठे थे और दाखिला कराने वाले अभिभावकों की भीड़ जमा थी। तभी असलहों से लैस वैगनआर कार सवार प्रधानाचार्य अनिल का पड़ोसी विजय पाल जा धमका। अनिल कुछ समझ पाते कि हमलावर विजय पाल ने उनके ऊपर गोलियों की बौछार शुरू कर दी। एक गोली पेट में धंसते ही प्रधानाचार्य अनिल गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और वहां पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर दुबक गए।

स्कूल में दिनदहाड़े हुई हुई घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हमलावर को मौके पर मौजूद लोग दौड़ाकर पकड़ने के लिए आगे बढ़े कि बेखौफ विजय पाल ने उन पर भी असलहा तान दिया और मौके से भाग निकला। पुलिस के मुताबिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि किसी पुरानी रंजिश को लेकर विजय पाल ने घटना को अंजाम दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर विजय पाल के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज उसकी तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!