April 22, 2026 3:25 am

रामपुर और बाराबंकी के बाद अब मिर्जापुर जिले में वरिष्ठ अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या 

ताबड़तोड़ कई राउंड से फायरिंग, थर्राया इलाका

कटरा कोतवाली क्षेत्र कतवारूपुर गांव में हुई घटना का मामला 

 

ए अहमद सौदागर लखनऊ। ऐसा लग रहा है कि वकीलों के ऊपर सामत आ गई है। 11 फरवरी 2026 को रामपुर जिले के जिला पंचायत कार्यालय में वरिष्ठ अधिवक्ता फारूक अहमद खान और 13 फरवरी 2026 को बाराबंकी जिले के असेनी मोड़ पर मुख्तार अंसारी के करीबी वरिष्ठ अधिवक्ता शोएब महमूद किदवई उर्फ बॉबी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इन दिनों सनसनीखेज मामले को लोगबाग भुला भी नहीं पाए थे कि अब मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारूपुर गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंकू सिंह के ऊपर शनिवार सुबह गोलियों की बौछार कर बदमाशों ने मौत की नींद सुला दिया। वह इसी गांव के दो बार ग्राम प्रधान भी रह चुके थे। बताया जा रहा है इससे पहले भी दो बार उनके ऊपर जानलेवा हमला हो चुका था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही, नतीजतन बेखौफ बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही जब-तक पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचते कि इससे पहले बदमाश असलहा लहराते हुए मौके से भाग निकले। सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस चुनावी रंजिश सहित कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है। पुलिस अफसरों का दावा है कि हत्यारों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं और उम्मीद है कि जल्द ही कातिल सलाखों के पीछे होंगे।

पूरे घटनाक्रम पर एक नजर

जानकारी के मुताबिक मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र स्थित कतवारूपुर गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंकू सिंह जिले की कचहरी में वकालत करते थे। बताया जा रहा है कि रोज की तरह वह घर की दहलीज से कुछ दूरी पर खड़े थे कि इसी असलहों से लैस बाइक सवार बदमाश आ धमके। वकील राजीव सिंह कुछ समझ पाते कि बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गोली लगते ही मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार सुबह कतवारूपुर गांव में अधिवक्ता की गोली मारकर हुई हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस बदमाशों की गर्दन तक पहुंचने के लिए क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर नाकेबंदी की, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी और बदमाश असलहा लहराते हुए मौके से भाग निकले। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंकू सिंह इसी गांव के दो बार ग्राम प्रधान रह चुके थे, इससे आंशका जताई जा रही है कि कहीं चुनावी रंजिश को लेकर तो वारदात नहीं की गई। जांच-पड़ताल में जुटे पुलिस अफसरों का कहना है कि इससे इन्कार नहीं किया जा सकता, लिहाजा कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है।

56
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!