ट्रांसजेंडर लोगों के अधिकारों और पशु क्रूरता निवारण पर दी गई अहम जानकारी
ए अहमद सौदागर लखनऊ। पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित गोष्ठी सदन
में ट्रांसजेंडर लोगों के अधिकारों एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत पुलिसकर्मियों के साथ संवेदीकरण प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय अपर्णा कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार, पुलिस उपायुक्त महिला अपराध व सुरक्षा ममता रानी चौधरी के मार्गदर्शन और कार्यशाला को सफल बनाने के लिए संचालन सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध शाहिदा नसरीन के पर्यवेक्षण में किया गया।
इस दौरान बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित गोष्ठी सदन में कमिश्नरेट के सभी जोन के थानों पर तैनात उपनिरीक्षकों एवं महिला आरक्षियों के लिए ट्रांसजेंडर व्यक्तियों, पुलिस संवेदीकरण तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के संबंध में एक दिवसीय प्रशिक्षण संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बताया गया कि कार्यक्रम में प्रशिक्षक देविका एस मंगलमुखी, स्टेट एग्जीक्यूटिव मेंबर वेलफेयर बोर्ड द्वारा ट्रांसजेंडर व्यक्ति के अधिकारों का संरक्षण अधिनियम 2019 एवं नियमवाली 2020 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के प्रावधानों एवं समाज में पशुओं के प्रति हो रही क्रूरता की रोकथाम के लिए जानकारी देते हुए पशुओं के प्रति क्रूरता से संबंधित शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए दिशानिर्देश दिए गए। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अलग-अलग थानों में तैनात कुल 70 पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अफसरों द्वारा दिए गए जानकारी को विधिवत समझा। यह भी बताया गया कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों एवं उनके प्रति संवेदनशील पुलिसिंग के साथ-साथ पशु क्रूरता से संबंधित विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक करें।




