August 8, 2026 2:11 am

लखनऊ: अलीगंज अग्निकांड में दिवंगत मासूम बच्चों की मौत पर लोजपा (रामविलास) का कैंडल मार्च, सुरक्षा मानकों को कड़ा करने की मांग

लखनऊ। (संवाददाता) लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा आज परिवर्तन चौक से हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकालकर अलीगंज में हुए दर्दनाक अग्निकांड में दिवंगत 15 मासूम बच्चों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लखनऊ प्रभारी श्री शंभूनाथ गुप्ता ने कहा कि अलीगंज की यह दुखद घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। मासूम बच्चों की असमय मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए तथा पीड़ित परिवारों को शासन-प्रशासन द्वारा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

श्री गुप्ता ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है तथा दिवंगत बच्चों के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है।

63
Default choosing

Did you like our plugin?

error: Content is protected !!