लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) राजधानी के विकास को नई रफ्तार देने जा रहा है। एलडीए अपनी दो महत्वाकांक्षी परियोजनाओं—वरुण विहार और नैमिष नगर योजना को एक साथ लांच करने की तैयारी में है। इन दोनों योजनाओं के दो-दो सेक्टरों में कुल 3,100 से अधिक आवासीय भूखंडों (Residential Plots) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा। ये भूखंड 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक के क्षेत्रफल के होंगे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सोमवार को पारिजात सभागार में अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक कर इस मेगा लांचिंग की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने दोनों योजनाओं में 18 मीटर से 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
वरुण विहार योजना: आगरा एक्सप्रेस-वे पर बसेगा नया शहर
आगरा एक्सप्रेस-वे पर लगभग 6,580 एकड़ क्षेत्रफल में वरुण विहार योजना को विकसित किया जा रहा है। इसके लिए सदर व सरोजनीनगर तहसील के भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ, मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा और दोना गांवों की भूमि जुटाई जा रही है।
इस योजना से लगभग 3.5 लाख की आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी।शहर के उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और लॉजिस्टिक सेक्टर को नया आयाम मिलेगा।800 एकड़ से अधिक क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट, पार्क और वॉटर बॉडीज होंगी।योजना में 01 अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, सेंट्रल पार्क और 300 एकड़ में लॉजिस्टिक पार्क भी विकसित किया जाएगा।
पहले चरण में वरुण विहार के 1,926 भूखंड होंगे लांच वरुण विहार योजना के प्रथम चरण में कुल 1,926 आवासीय भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा कैलाश खंड में 1,218 भूखंड व काशी खंड में 708 भूखंड होंगे।
नैमिष नगर योजना: IIM रोड पर बनेगा उत्तरी लखनऊ का विकास मॉडल
आईआईएम (IIM) रोड पर लगभग 3,600 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित नैमिष नगर योजना लखनऊ के उत्तरी हिस्से के विकास का नया चेहरा बनेगी। इसके लिए बीकेटी (बख्शी का तालाब) तहसील के भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी और दुग्गौर गांवों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है।




