लखनऊ। केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ में नवसृजित जनपदों के स्वयंसेवकों हेतु 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, उत्तर प्रदेश के
माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार, नागरिक सुरक्षा) श्री धर्मवीर प्रजापति ने दीप प्रज्वलित कर सत्र का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों और आपदा प्रबंधन में स्वयंसेवकों की भूमिका व जनसेवा के दायित्वों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नागरिक सुरक्षा संगठन का विस्तार अब प्रदेश के सभी जनपदों में सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस उच्च स्तरीय प्रशिक्षण में जनपद सीतापुर की महोली तहसील (ग्राम बरातपुर) से सेक्टर वार्डन आशीष कुमार अपने साथियों संदीप कुमार, भूपेंद्र सिंह, व प्रवीन कुमार, वीर अर्जुन संग प्रतिभाग कर आधुनिक रेस्क्यू तकनीकों को सीख रहे हैं। आशीष कुमार ने बताया कि यहाँ से मिलने वाली सीख के दम पर वे वापस लौटकर क्षेत्र की जनता की सुरक्षा व आपदा प्रबंधन में अपनी सेवाएं देंगे। इस अवसर पर विशेष सचिव (IAS) मनोज कुमार राय, कमांडेंट (PCS) प्रियंका सिंह और जेएसओ सुमित मौर्या सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व स्वयंसेवक उपस्थित रहे।




