लखनऊ। (संवाददाता) दुबग्गा क्षेत्र में एक लड़की के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता अपने मामा के घर रहती है।
15 मई को सुबह वह अपने नाना को खाना देने बगिया जा रही थी। इसी दौरान तीन आरोपी बाइक से आए। चौराहे पर रोककर उससे मोबाइल नंबर मांगा। लड़की के मना करने पर उठा ले जाने की धमकी दी।
घटना की जानकारी घर पर देने के बाद शाम को जब पीड़िता अपनी मौसी के साथ घर के बाहर चौतरे पर बैठी थी, तब आरोपी वहां आया। उसने लड़की के बाल पकड़कर अपने घर की तरफ खींचना शुरू कर दिया और गालियां देने लगा। शोर सुनकर मामा-मामी बचाव के लिए आए तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की।
मोहल्ले में हंगामा सुनकर पड़ोसी एकत्रित हो गए। इस पर आरोपी बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव ने बताया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।




